हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के सुरेशिया में स्थित मोबाइल फोन व किराना दुकान में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर हजारों रुपए का सामान व नकदी चोरी कर ली। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार गांव सतीपुरा के वार्ड 6, निवासी सौरभ शाक्य पुत्र मुरारीलाल ने परिवाद पेश कर बताया कि वह वार्ड 58, सुरेशिया में शाक्य मोबाइल केयर एवं शाक्य किरयाणा स्टोर के नाम से दुकान संचालित करता है। 1 अप्रैल की रात करीब 9.30 बजे वह दुकान बंद कर घर चला गया था। रात के दौरान अज्ञात चोर दुकान के पीछे के गेट की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए और मोबाइल फोन व किराना दुकान से बड़ी मात्रा में सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में मोबाइल दुकान से 9 नए कीपैड मोबाइल फोन (आइटेल), 1 जियो कीपैड मोबाइल फोन, 7-8 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 28 नए चार्जर, 20 नेकबैंड, 20 एयरबड्स, 10 स्मार्ट वॉच, 10 मोबाइल बैटरी, 50 डाटा केबल, 5 मोबाइल रिपेयर मशीन तथा दुकान में लगा वाई-फाई कैमरा शामिल है। इसके अलावा किराना दुकान से 24 सरसों तेल की बोतलें, 5 बीड़ी बंडल, 10 टैल्कम पाउडर, 20 सिगरेट डिब्बियां, 10 साबुन पैकेट, 50 आइसक्रीम डिब्बे, 10 ब्रिक्स आइसक्रीम, 1 कट्टा चावल तथा करीब 4500 रुपए नकद भी चुरा लिए गए। चोर जाते समय दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी उखाड़कर ले गए। अगली सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। प्रार्थी ने आसपास तलाश व पूछताछ की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा। इस संबंध में 2 अप्रैल को जंक्शन पुलिस थाना में प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसे सुरेशिया चौकी भेजा गया, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक को परिवाद भेजा। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामला दर्ज कर जांच उप निरीक्षक गुरदेव सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
