हनुमानगढ़। भिरानी थाना क्षेत्र के गांव गढड़ा में एक युवक पर हमला कर घायल करने, जातिसूचक अपमान करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। भिरानी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गढड़ा निवासी 26 वर्षीय मुकेश पुत्र दयानंद वाल्मीकि ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 15 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे वह मोटर साइकिल से गांव की दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रहा था। घर के पास पहुंचने पर गांव के ही रमेश कुमार ने उसका रास्ता रोक लिया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी रमेश कुमार नशे की हालत में था और उसने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जान बचाने के प्रयास में मुकेश जैसे ही हटने लगा, आरोपी ने ईंट-पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे मुकेश के चाचा सुरजभान, मौसी अनीता और बहन आरती के साथ भी आरोपी ने दुर्व्यवहार किया तथा उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। घटना के बाद घायल मुकेश को तुरंत राजकीय अस्पताल भादरा ले जाया गया, जहां उसके सिर में छह टांके लगाए गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने जाते समय उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे वे भयभीत हैं और भविष्य में किसी गंभीर घटना की आशंका बनी हुई है। उसने आरोपी को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट व चोटों के निरीक्षण के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
