हनुमानगढ़। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पद के लिए गांव कोहला निवासी युवा राजेन्द्र मेघवाल ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है। बुधवार को राजेन्द्र मेघवाल का टाउन में स्वागत किया गया। इस मौके पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग में प्रदेश महासचिव एवं जिला प्रभारी रविन्द्र बेनीवाल ने राजेन्द्र मेघवाल को एक मजबूत एवं प्रबल उम्मीदवार बताया। रविन्द्र बेनीवाल ने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अपील की कि राजेन्द्र मेघवाल को अधिक से अधिक समर्थन दिया जाए, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि राजेन्द्र मेघवाल एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं, लेकिन उन्होंने निरंतर संगठन के लिए मेहनत की है। कोरोना काल के दौरान राजेन्द्र मेघवाल ने जरूरतमंद लोगों को राशन सामग्री की किटें वितरित कर महत्वपूर्ण सेवा कार्य किया। इसके अलावा उन्होंने रक्तदान शिविरों का आयोजन करवाकर कई यूनिट रक्तदान सुनिश्चित करवाया, जिससे उनकी सामाजिक सक्रियता भी सिद्ध होती है। राजेन्द्र मेघवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि वे पूर्व में वार्ड पंच रह चुके हैं और वर्तमान में कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ में जिला महासचिव के पद पर कार्यरत हैं। वे पिछले लगभग 10 वर्षांे से लगातार कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं तथा छात्र राजनीति के समय से एनएसयूआई के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाया जाता है तो वे जिले में युवाओं के सामने बढ़ती नशा प्रवृत्ति के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएंगे। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, छात्र-छात्राओं की लंबित छात्रवृत्ति जारी करवाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ऋण सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास करेंगे। उनकी दावेदारी को लेकर संगठन में चर्चा तेज हो गई है और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इसे युवाओं की भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
