पाली। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बीकानेर में दिए गए अपने बयान और मारवाड़ी कहावत को लेकर उठे विवाद पर सफाई दी है। पाली के रोटरी क्लब में बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए राठौड़ ने कहा कि उनकी कही कहावत का अर्थ गलत तरीके से लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहावत का भाव केवल इतना था कि इंसान को भाग्य में जितना लिखा होता है, उतना ही प्राप्त होता है, इसलिए ईश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए। राठौड़ ने कहा कि भाजपा संगठन में सभी नेता सम्माननीय हैं और वसुंधरा राजे उनके लिए हमेशा आदरणीय रही हैं। उन्होंने कहा, “मैं उनके अपमान के बारे में सपने में भी नहीं सोच सकता।”
पाकिस्तान वाले बयान पर कांग्रेस पर निशाना
राठौड़ ने विदेश मंत्री के पाकिस्तान को “दलाल देश” कहने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने यह टिप्पणी की, तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को आपत्ति क्यों हुई। राठौड़ ने सवाल उठाया कि देशहित के मुद्दे पर कांग्रेस की निष्ठा कहां है।
रिफाइनरी को बताया विकास का मील का पत्थर
बाड़मेर रिफाइनरी परियोजना को लेकर राठौड़ ने कहा कि यह राजस्थान की उन्नति के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल में इसकी शुरुआत हुई थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे आगे नहीं बढ़ाया। राठौड़ के अनुसार, 21 अप्रैल को प्रस्तावित उद्घाटन के बाद इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 90 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा, जबकि राज्य सरकार को लगभग 8 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने रिफाइनरी को लेकर केवल राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश की और पूर्व में किया गया एमओयू राज्यहित में नहीं था। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दोहराया कि उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकालकर विवाद खड़ा किया गया, जबकि उनका उद्देश्य किसी भी नेता का अपमान करना नहीं था
