हनुमानगढ़। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) जैसी कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाने वाली पत्रकार पृथ्वीराज शर्मा की पुत्री गरिमा शर्मा को बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार को विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके निवास पर पहुंचकर होनहार बेटी को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। इस मौके पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षा में सफलता केवल प्रतिभा से ही नहीं बल्कि वर्षां की कठिन मेहनत, अनुशासन, धैर्य और निरंतर लगन से मिलती है। उन्होंने कहा कि गरिमा शर्मा ने जिस समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अपनी तैयारी की है, वह आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। दादरी ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले और पत्रकार बिरादरी के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि गरिमा शर्मा एक संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित प्रशासनिक अधिकारी के रूप में समाज में न्याय, पारदर्शिता और सेवा की नई मिसाल कायम करेंगी। इस दौरान मौजूद नागरिकों ने भी गरिमा शर्मा की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार मदन अरोड़ा, बालकृष्ण थरेजा, विशु वाट्स, राधेश्याम सेठी, कांग्रेस नेता मनोज सैनी, बर्फानी सेवा समिति अध्यक्ष बलदेव अरोड़ा, पूर्व सरपंच जगदीश सिंह राठौड़, जीतू शर्मा सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे।
