हनुमानगढ़। डॉ. भीमराव अम्बेडकर संघ ने हनुमानगढ़ टाउन के सेंट्रल पार्क में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की विशालकाय मूर्ति स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में संघ प्रतिनिधियों ने मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ के अध्यक्ष इन्द्र कुमार निनानिया ने बताया कि संघ की ओर से 14 अप्रैल को सेंट्रल पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। संघ की मांग है कि इस कार्यक्रम से पहले ही भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की विशालकाय प्रतिमा स्थापित की जाए। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि इससे न केवल डॉ. भीमराव अम्बेडकर के कार्य और विचारों को सशक्त रूप से याद किया जाएगा, बल्कि समाज सुधार और शिक्षा के महत्व को भी उजागर किया जा सकेगा। मूर्ति बाबा साहेब के योगदान और समाज में उनके स्थान का प्रतीक होगी। इस मौके पर संघ के राजू नंगलिया, भानूप्रताप, राकेश मोर्य, राजेन्द्र रेगर, कृष्ण लुगरिया, पवन और रामलाल भी मौजूद रहे।
