CjQKMFNuYXBjaGF0LzEzLjgyLjAuNTIgKGlQaG9uZTE1LDM7IGlPUyAxOC43OyBnemlwKSAC
पल्लू । जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और यहां की ऐतिहासिक तथा धार्मिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऑफ रोड फॉर लाइफ क्लब की ओर से “डेजर्ट जूम-2” इवेंट का आयोजन पल्लू स्थित गुलाबगढ़ रिसोर्ट में किया गया। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों और पर्यटकों ने हनुमानगढ़ जिले के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कर यहां की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को करीब से जाना और सराहा। इवेंट के तहत प्रतिभागियों की यात्रा हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजवी पैलेस से शुरू हुई। इसके बाद पर्यटकों को जिले की प्राचीन पहचान माने जाने वाले भटनेर दुर्ग का अवलोकन करवाया गया। भटनेर दुर्ग की ऐतिहासिक महत्ता, इसकी स्थापत्य कला और प्राचीन विरासत के बारे में प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शक्तिपीठ भद्रकाली मंदिर के दर्शन करवाए गए, जहां उन्होंने धार्मिक आस्था के साथ पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के अगले चरण में प्रतिभागियों को कालीबंगा संग्रहालय ले जाया गया, जहां उन्हें सिंधु घाटी सभ्यता से जुड़े महत्वपूर्ण पुरातात्विक अवशेषों और इतिहास की जानकारी दी गई। इसके साथ ही बड़ोपल झील का भ्रमण करवाया गया, जहां पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण का आनंद लिया। पर्यटन यात्रा के दौरान पल्लू स्थित माता ब्रह्माणी मंदिर में भी श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए गए। धार्मिक स्थलों के दर्शन के बाद प्रतिभागियों ने गुलाबगढ़ रिसोर्ट में आयोजित डेजर्ट सफारी का रोमांच भी महसूस किया। रेतीले टीलों के बीच ऑफ-रोड ड्राइविंग और डेजर्ट सफारी ने प्रतिभागियों को रोमांच और साहसिक पर्यटन का अनूठा अनुभव प्रदान किया। कार्यक्रम में हरियाणा के राणिया से विधायक अर्जुन सिंह चौटाला और मशहूर पंजाबी गायक प्रेम ढिल्लों ने विशेष रूप से शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से क्षेत्रीय पर्यटन को नई पहचान मिलती है और स्थानीय संस्कृति तथा इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। आयोजन को सफल बनाने में जयदीप सिंह राठौड़, ईशान चौधरी, अर्शदीप सिंह, मिलींद सिंह राठौड़, ऋषभ बंसल, दुष्यंत सहारण, जसप्रीत बराड़, तरुण आहुजा, हिमांशु गोयल और तनिष हिसारिया सहित मालवा ऑफ रोडर्स, टीम डीआरसी और भीम सिंह शेखावत का विशेष सहयोग रहा। इवेंट के आयोजकों ने राज्य सरकार से मांग की कि जिले में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक भटनेर दुर्ग के संरक्षण और जीर्णोद्धार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उनका कहना था कि यदि दुर्ग का समुचित विकास और संरक्षण किया जाए तो हनुमानगढ़ जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं विकसित हो सकती हैं और बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटक यहां आकर्षित हो सकेंगे।
