हनुमानगढ़। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रचार-प्रसार के तहत मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा विषय पर विशेष व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ शर्मा एवं राजकीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केन्द्र के प्रभारी डॉ. कुलदीप मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में योग शिक्षिका हेमलता कंवर ने भी योग के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। व्याख्यानमाला के दौरान छात्र-छात्राओं को बताया गया कि नियमित योगाभ्यास, अनुशासित दिनचर्या और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से बिना दवाइयों के भी अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। वक्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के निर्धारित योगा प्रोटोकॉल की जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में योग को अपनाने का आह्वान किया। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ शर्मा ने विद्यार्थियों को आहार-विहार अर्थात संतुलित भोजन और उचित दिनचर्या के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन के लिए योग, संतुलित आहार तथा सकारात्मक जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है। इस मौके पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कृति शेखावत, डॉ. दलीप, डॉ. हर्षिता, डॉ. मांगी, डॉ. घनश्याम सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
