हनुमानगढ़। अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज परिसर में 12 जून 2025 को हुए विमान हादसे में जान गंवाने वाले एमबीबीएस के पूर्व छात्र डॉ. मानव भादू की प्रथम पुण्यतिथि पर शुक्रवार को टाउन की नई धानमंडी स्थित बिश्नोई धर्मशाला में श्रद्धांजलि सभा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। टाउन के सेक्टर नम्बर तीन निवासी दिवंगत डॉ. मानव भादू के पिता दलीप भादू, माता तुलसी भादू एवं बहन रेयांशी भादू की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखना और समाजसेवा के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करना था। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और रक्तदान कर दिवंगत युवा चिकित्सक को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के शुभारंभ मौके पर उपखंड अधिकारी मांगीलाल सुथार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, राजकीय जिला चिकित्सालय के पूर्व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमपी शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान उपखंड अधिकारी मांगीलाल सुथार ने स्वयं भी रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद की घटना अत्यंत दुखद थी, लेकिन डॉ. मानव भादू की स्मृति में उनके परिजनों की ओर से सामाजिक सरोकार से प्रेरित इस प्रकार का आयोजन करना सराहनीय और प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है। पूर्व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमपी शर्मा ने भी भादू परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल दिवंगत व्यक्तियों की स्मृतियों को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज में सेवा और मानवता का संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे कार्यांे से अनेक मरीजों को जीवनदान मिलता है और अन्य लोगों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने डॉ. मानव भादू को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और सेवाभाव को याद किया।
