हनुमानगढ़। सिविल लाइंस क्षेत्र में प्रस्तावित भूमि आवंटन का विरोध जताते हुए शुक्रवार को न्यू सिविल लाइंस वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मोहनलाल इंदलिया के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने जिला कलक्टर, विधायक गणेश राज बंसल व नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव को ज्ञापन सौंपा। सोसाइटी अध्यक्ष मोहनलाल इंदलिया ने बताया 10 जून को एक सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कर सिविल लाइंस के ए-ब्लॉक क्षेत्र में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान को दो बीघा भूमि आवंटित करने के संबंध में आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। इस संबंध में 11 जून को न्यू सिविल लाइंस वेलफेयर सोसाइटी की आपातकालीन बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्रवासियों ने प्रस्तावित भूमि आवंटन प्रक्रिया का सर्वसम्मति से विरोध किया। सोसाइटी पदाधिकारियों का कहना है कि सिविल लाइंस क्षेत्र की भूमि किसी भी निजी संस्था को आवंटित नहीं की जानी चाहिए। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि दिव्य ज्योति जागृति संस्थान को प्रस्तावित दो बीघा भूमि का आवंटन तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। साथ ही भविष्य में भी वार्ड नम्बर 1 स्थित न्यू सिविल लाइंस क्षेत्र में किसी भी निजी संस्था को भूमि आवंटित नहीं किए जाने का आग्रह किया गया। सोसाइटी के अध्यक्ष मोहन लाल इंदलिया ने कहा कि क्षेत्र के निवासियों की भावनाओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिक इस आवंटन प्रक्रिया का पूर्ण रूप से विरोध करते हैं और क्षेत्र की भूमि को सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखा जाना चाहिए। इस दौरान प्रेमसिंह, परमजीत सिंह, अश्विनी, हवासिंह, कृष्णलाल सहित सोसाइटी के अन्य सदस्य एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया।
