ऐलनाबाद। नाथूसरी चौपटा स्थित चौधरी देवीलाल राजकीय बहुतकनीकी संस्थान ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। संस्थान को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास तथा बेहतर प्लेसमेंट रिकॉर्ड के आधार पर यह सम्मान मिला है। चंडीगढ़ स्थित हरियाणा भवन में तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एक समारोह के दौरान प्रदेश के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और खेल मंत्री गौरव गौतम ने संस्थान को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 50 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह सम्मान अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, महानिदेशक प्रभजोत सिंह, निदेशक यशपाल बेरवाल तथा तकनीकी शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दिया गया। संस्थान की ओर से यह सम्मान प्रधानाचार्य विवेक वोहरा और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी राजकुमार दास ने प्राप्त किया। प्रधानाचार्य विवेक वोहरा ने बताया कि यह उपलब्धि संस्थान के उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों, मजबूत औद्योगिक संबंधों और विद्यार्थियों के बेहतर प्लेसमेंट के कारण संभव हुई है। उन्होंने कहा कि संस्थान में लगभग शत-प्रतिशत दाखिले के साथ उत्कृष्ट प्लेसमेंट रिकॉर्ड दर्ज किया गया है, जो उद्योग जगत में संस्थान की बढ़ती विश्वसनीयता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि संस्थान में आधुनिक प्रयोगशालाएं, अनुभवी शिक्षक और मेहनती विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास से यह उपलब्धि हासिल हुई है। वर्तमान में संस्थान में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग, सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग की शाखाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने इस सम्मान को संस्थान के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।
