हनुमानगढ़। ढाणी में बुजुर्ग दंपती के घर से सोना-चांदी के जेवरात, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी होने का मामला सामने आया है। पीलीबंगा थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गजनसिंह (65) पुत्र पठानसिंह रायसिख निवासी चक 34 एसटीजी ढाणी ने थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि 19 अप्रैल की रात करीब 8 बजे वह और उसकी पत्नी खाना खाकर सो गए थे। इसी दौरान रात में अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए और कमरे में रखे बैग से कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में करीब एक तोला सोने के कुंडल, आधा तोला सोने की अंगूठी, एक तोला सोने की मोहरें, पांच तोला चांदी का कड़ा, पांच तोला की चांदी की पाजेब (एक जोड़ी), 33 हजार रुपए नकद, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, गैस कनेक्शन की कॉपी सहित अन्य दस्तावेज शामिल हैं। 20 अप्रैल की सुबह उठने पर दंपती ने घर के अंदर सामान बिखरा हुआ पाया और जेवरात व नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई बलतेज सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
