हनुमानगढ़। विश्व हिन्दू परिषद की जिला कार्यकारिणी की बैठक जंक्शन में जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बतरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी रामनवमी के अवसर पर विहिप की ओर से जिले के सभी प्रखण्डों में शोभायात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही हनुमानगढ़ प्रखण्ड की ओर से इस बार रामनवमी के अवसर पर सामूहिक सुंदरकांड पाठ महायज्ञ आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के तहत 2100 श्रद्धालुओं की ओर से सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ किया जाएगा।

आयोजन में जंक्शन और टाउन की सभी भजन एवं सुंदरकांड मंडलियों के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम की तिथि और समय का निर्धारण आगामी बैठक में किया जाएगा। आयोजन को भव्य बनाने के लिए विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को निमंत्रण देंगे और उन्हें सामूहिक सुंदरकांड पाठ में शामिल होने का आह्वान करेंगे। इस मौके पर विहिप के जिला उपाध्यक्ष मोहन चंगोई ने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह आयोजन भव्य और ऐतिहासिक बनाया जाएगा।
