-अयोध्या में यज्ञ स्थल पर आग के बाद सियासत तेज, अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
अयोध्या। अयोध्या में शनिवार दोपहर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के यज्ञ स्थल पर अचानक भीषण आग लग गई। राम मंदिर से करीब 800 मीटर दूर स्थित लगभग एक एकड़ में फैला पंडाल कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय यज्ञशाला खाली थी, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, मंत्री दयाशंकर सिंह का 9 दिवसीय लक्ष्मीनारायण महायज्ञ शनिवार को ही संपन्न हुआ था। यज्ञ के अंतिम दिन करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु मौजूद थे। बताया जा रहा है कि यज्ञ समाप्त होने के बाद नारियल फोड़ने से निकली चिंगारी कपड़े से बने पंडाल में गिर गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महायज्ञ के लिए यज्ञशाला में 1,251 हवन कुंड बनाए गए थे और अंतिम दिन करीब 5 हजार से अधिक यजमानों ने आहुति दी। यज्ञ समाप्त होने के बाद श्रद्धालु घर लौट चुके थे, तभी यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि अगर उस समय पंडाल में भीड़ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार और आयोजन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यज्ञ के बाद लगी आग प्रशासनिक प्रबंधन की कमी को दर्शाती है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस आयोजन के नाम पर विभागीय स्तर पर बड़ी वसूली हुई और विशेषज्ञों की देखरेख के बिना कार्यक्रम कराया गया। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
