रावतसर। जिले के प्रवास के दौरान पूर्व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री एवं भाजपा किसान मोर्चा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी का रावतसर और हनुमानगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान किसानों, संगठन और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। रावतसर में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशील जोशी, जिला मंत्री एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैलाश चौधरी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन को मजबूत बनाने, समाज सेवा और जनहित कार्यों को गति देने को लेकर कार्यकर्ताओं ने अपने विचार साझा किए। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को लेकर भी चर्चा हुई। वहीं हनुमानगढ़ में श्री खेतरपाल टाटा मोटर्स प्रतिष्ठान में आयोजित स्वागत समारोह में किसान भाइयों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैलाश चौधरी का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने क्षेत्र की समस्याओं और विभिन्न जन मुद्दों से उन्हें अवगत कराया। इस अवसर पर कैलाश चौधरी ने कहा कि किसानों और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के उत्थान, कृषि विकास और ग्रामीण समृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, उन्नत बीज, आधुनिक कृषि उपकरण और किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण विकास को नई दिशा दे रही है। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, अमित चौधरी, किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री ओपी यादव, बलबीर बिश्नोई, सरोज लावा, रामकुमार रतिवाल, गुलाब सिंवर सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संवाददाता- नरेश
