केनरा बैंक ने पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 2 लाख का क्लेम किया पारित
रावतसर। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से आमजन को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लोगों तक लगातार पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में केनरा बैंक की शाखा, रावतसर द्वारा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 2 लाख रुपये का बीमा क्लेम पारित कर मृतक खाताधारक के परिजनों को राहत प्रदान की गई। जानकारी के अनुसार, खाताधारक भगीरथ पुत्र ओमप्रकाश निवासी 15-16 केडब्ल्यूडी, तहसील रावतसर का असामयिक निधन हो गया था। भगीरथ ने अपने जीवनकाल में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा करवाया हुआ था। योजना के नियमों के अनुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद केनरा बैंक द्वारा 2 लाख रुपये की बीमा राशि स्वीकृत कर मृतक की माताजी रामी देवी को प्रदान की गई। इस आर्थिक सहायता से परिवार को कठिन समय में सहारा मिला है। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसके माध्यम से कम प्रीमियम में लोगों को जीवन बीमा का लाभ दिया जाता है। योजना के तहत बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके नामित व्यक्ति को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारी दलीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत ग्राहकों को विभिन्न प्रकार की बीमा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बीमा योजना के तहत मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम में 18 से 70 वर्ष तक की आयु के लोगों को दुर्घटना बीमा का लाभ मिलता है, जबकि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 436 रुपये के वार्षिक प्रीमियम के माध्यम से 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को जीवन बीमा की सुविधा प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में परिवार को वित्तीय सहायता मिल सके। दलीप सिंह ने कहा कि समय पर बीमा करवाने से जरूरत के समय परिवार को आर्थिक सहारा मिल जाता है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं से जुड़ना चाहिए। इस दौरान बैंक अधिकारी दलीप सिंह, राकेश कुमार, महिपाल मण्डीवाल, ग्राहक सेवा अधिकारी सुरेश कुमार, सुशील कुमार तथा सीएसपी भजन लाल पंचारिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने बैंक के ग्राहकों से अपील की कि वे भारत सरकार और केनरा बैंक द्वारा संचालित इन जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करें। बैंक अधिकारियों ने यह भी कहा कि इन योजनाओं से जुड़कर लोग न केवल स्वयं बल्कि अपने परिवार को भी भविष्य में आने वाली अनिश्चित परिस्थितियों से सुरक्षित रख सकते हैं।
