हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से जारी स्टेट एक्शन प्लान की पालना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बंसल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में रैगिंग मुक्त परिसर, भय मुक्त शिक्षा विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष तनवीर चौधरी के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नालसा थीम सॉन्ग एक मुठ्ठी आसमान के साथ हुई। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने छात्र-छात्राओं को रैगिंग निषेध कानून, इसके कानूनी परिणाम, छात्र-छात्राओं के अधिकार तथा शिकायत निवारण और कानूनी सहायता तंत्र की जानकारी दी। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता, नि:शुल्क विधिक सहायता तथा स्थाई लोक अदालत के अंतर्गत आने वाली जनोपयोगी सेवाओं के मामलों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित बाल विवाह और घरेलू हिंसा रोकें : बचपन और भविष्य की रक्षा करें अभियान की जानकारी देते हुए सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में चीफ एलएडीसी अधिवक्ता ऋषिराज बेनीवाल ने छात्र-छात्राओं को नालसा की जनकल्याणकारी योजनाओं, नि:शुल्क विधिक सहायता सेवाओं तथा हेल्पलाइन नम्बर 15100 के बारे में जानकारी प्रदान की।
