हनुमानगढ़। राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ (रेस्टा) ब्लॉक रावतसर ने जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा के आह्वान पर अपनी विभिन्न ज्वलंत मांगों के समाधान को लेकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिला प्रचार मंत्री उदयपाल पिलानिया ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापकों की सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 की डीपीसी करवाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा 31 मार्च 2026 तक का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन विभागीय स्तर पर उचित नेतृत्व और प्रक्रिया में तेजी नहीं होने के कारण डीपीसी में अनावश्यक देरी हो रही है। उन्होंने मांग की कि बिना विलंब के शीघ्र डीपीसी करवाई जाए। ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि वर्ष 2011 से आरपीएससी द्वारा राज्य स्तरीय भर्ती प्रक्रिया लागू होने के बाद अंतरमंडल स्थानांतरण पर वरिष्ठता पूरी तरह समाप्त नहीं की जाए, बल्कि संबंधित भर्ती या चयन वर्ष में ही कनिष्ठ माना जाए, जैसा कि अन्य विभागों में व्यवस्था है। इसके लिए मंडल परिवर्तन से जुड़े पुराने नियमों में आवश्यक संशोधन करने की मांग भी की गई। संघ ने नवक्रमोन्नत सीनियर सेकेंडरी विद्यालयों में व्याख्याता के सभी पद जल्द स्वीकृत करने की मांग उठाई, ताकि विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञ अध्यापक मिल सकें और उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही अनिवार्य विषय हिंदी और अंग्रेजी में नामांकन के अनुसार अतिरिक्त पद सृजित करने की भी मांग की गई। इसके अलावा ज्ञापन में प्रधानाचार्य अधिकृत अवकाश को पुनः दो दिन करने, ग्रीष्मकालीन अवकाश 17 मई से 30 जून तक तथा शीतकालीन अवकाश 16 दिसंबर से 10 जनवरी तक निर्धारित करने की मांग भी रखी गई। संघ ने मॉडल स्कूलों में पदस्थापित वरिष्ठ अध्यापकों की प्रतिनियुक्ति से जुड़ी मांगों को पूरा करने तथा शर्तें पूरी करने वाले इच्छुक शिक्षकों को इच्छित स्थान पर पदस्थापित करने की मांग की। साथ ही पारदर्शी और स्थायी स्थानांतरण नीति बनाकर स्थानांतरण करने तथा महात्मा गांधी विद्यालयों से वापस अपने मूल स्थान पर जाना चाहने वाले शिक्षकों को पुनः मूल पदस्थापन देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष जय नारायण मटोरिया, ब्लॉक महामंत्री पवन शर्मा, कनिष्क गोदारा, धर्मेंद्र मीणा, सुभाष भूंकल सहित कई वरिष्ठ अध्यापक उपस्थित रहे।
