– टीम गणेश राज बंसल के प्रत्याशी मनोज सैनी बोले-जनता देगी टिकट काटने वालों को करारा जवाब; निर्दलीय बोर्ड बनाने का दावा
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 26 से टीम गणेश राज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी मनोज सैनी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल, नगर परिषद के निवर्तमान सभापति सुमित रणवां सहित कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। विधायक गणेश राज बंसल एवं निवर्तमान सभापति सुमित रणवां ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विधायक गणेश राज बंसल ने वार्डवासियों से आगामी 11 सितंबर को होने वाले नगर परिषद चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी मनोज सैनी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर के विकास को आगे बढ़ाने के लिए नगर परिषद में निर्दलीय बोर्ड बनाने में सहयोग करें।
टिकट कटने पर सैनी ने साधा कांग्रेस पर निशाना
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी मनोज सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी में कुछ चापलूस लोगों ने पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार को बरगलाकर उनकी टिकट कटवा दी। उन्होंने कहा कि इन लोगों को लगा कि मनोज सैनी लगातार आगे बढ़ रहा है, इसलिए राजनीतिक रूप से उनका रास्ता रोकने का प्रयास किया गया। सैनी ने कहा कि टिकट कटने के बाद भी वार्ड की जनता उनके साथ खड़ी है और जनता उन्हें जीताकर इसका जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम इन लोगों को करारा जवाब देने वाला होगा।
विकास को लेकर पूर्व विधायकों पर भी निशाना
मनोज सैनी ने कहा कि हनुमानगढ़ शहर में हुए विकास कार्यों का श्रेय विधायक गणेश राज बंसल को जाता है। उन्होंने पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप और चौधरी विनोद कुमार के विधायक कार्यकाल पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में अपेक्षित विकास नहीं हुआ।

उन्होंने दावा किया कि टीम गणेश राज बंसल इस बार नगर परिषद में निर्दलीय बोर्ड बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन इस दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
स्वच्छ और सुंदर वार्ड बनाने का वादा
सैनी ने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने के बाद उनकी प्राथमिकता वार्ड को स्वच्छ, सुदृढ़ और सुंदर बनाने की रहेगी। उन्होंने अपने पूर्व कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में वार्ड में उनके प्रयासों से बनवाई गई सड़कें आज भी बेहतर स्थिति में हैं, क्योंकि निर्माण के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा गया। उन्होंने बताया कि वार्ड में बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था भी करवाई गई है। सैनी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि वार्डवासी उनके कार्यों और उनके प्रति अपने विश्वास के आधार पर उन्हें नगर परिषद में भेजेंगे।
