– कांग्रेस नेताओं ने साधा भाजपा पर निशाना, बोले-जनता बदलाव के मूड में, इस बार बनेगा कांग्रेस का बोर्ड
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ चुनाव में वार्ड नंबर 8 से कांग्रेस प्रत्याशी लिछमा देवी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को समारोहपूर्वक हुआ। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने रिबन काटकर चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, गुरमीत सिंह चन्दड़ा, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक, एडवोकेट यशवंत चौधरी सहित पार्टी के पदाधिकारी-कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर में लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि जनता का रुझान कांग्रेस प्रत्याशियों की ओर है और इस बार नगर परिषद हनुमानगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड बनने की पूरी संभावना है। वक्ताओं ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस को विकल्प के रूप में देख रही है।
युवाओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को मिला मौका
एडवोकेट यशवंत चौधरी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, अशोक गहलोत एवं गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार नगर निकाय चुनाव में युवाओं और जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पार्टी के बूथ एवं वार्ड स्तर के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है।
गहलोत सरकार के कार्य गिनाए, भाजपा पर लगाए विकास रोकने के आरोप
एडवोकेट यशवंत चौधरी ने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने जनता को 25 लाख रुपए तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई। हनुमानगढ़ में मेडिकल कॉलेज, एग्रीकल्चर कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज एवं गर्ल्स कॉलेज जैसी संस्थाएं शुरू हुईं।

श्रीगंगानगर रोड पर अंडरपास का निर्माण सहित शहर में अनेक विकास कार्य करवाए गए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद हनुमानगढ़ शहर में विकास की गति थम गई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में शहर में एक भी बड़ा विकास कार्य नजर नहीं आ रहा और न ही नए कार्यों के लिए नींव पत्थर रखे गए हैं।
विधायक बंसल के विकास के दावे पर भी पलटवार
एडवोकेट यशवंत चौधरी ने निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल की ओर से शहर में अभूतपूर्व विकास करवाने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें शहर में ऐसा कोई विकास नजर नहीं आ रहा। वक्ताओं ने दावा किया कि हनुमानगढ़ में वास्तविक विकास पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ तथा पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार ने शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य करवाए। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं वार्डवासियों ने लिछमा देवी को समर्थन देते हुए उन्हें विजयी बनाने का संकल्प लिया।

वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी लिछमा देवी के पति ओमप्रकाश ने कहा कि अगर जनता ने उन पर भरोसा जताया तो वार्ड में नाली, सड़क निर्माण सहित अन्य कार्यांे को प्राथमिकता से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में पंचायत होने के चलते उनके वार्ड में कोई विकास कार्य नहीं हुआ। विकास कार्य करवाने के मकसद से वे नगर परिषद के चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि उन्हें अधिकाधित मत देकर विजयी बनाएं।
