– टीम गणेशराज बंसल की निर्दलीय प्रत्याशी का जनसंपर्क जारी, पार्कों का कायाकल्प, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने का वादा
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 39 से टीम गणेशराज बंसल की निर्दलीय प्रत्याशी रेखा दादरी चुनाव मैदान में डटी हुई हैं। उनके समर्थन में लगातार जनसंपर्क किया जा रहा है। इसी बीच उनके पति राजेश दादरी ने वार्ड के विकास को लेकर प्रत्याशी का विजन सामने रखा।

राजेश दादरी ने कहा कि वार्ड नंबर 39 का सेक्टर 3 शहर के अच्छे क्षेत्रों में शामिल है। वार्ड में कुल सात पार्क हैं, लेकिन इनमें से चार पार्कों की स्थिति खराब है। उन्होंने बताया कि महर्षि दयानंद पार्क की चारदीवारी जर्जर हो चुकी है और रखरखाव का भी अभाव है। इसके अलावा तीन अन्य पार्कों की स्थिति भी चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यदि रेखा दादरी को जनता का समर्थन मिलता है तो सातों पार्कों की स्थिति सुधारना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा।
पार्कों के साथ पंचमुखी बालाजी मंदिर के विकास पर जोर
राजेश दादरी ने कहा कि वार्ड में स्थित पंचमुखी बालाजी मंदिर को भी बेहतर व्यवस्थाओं के साथ क्षेत्र के लिए एक उदाहरण के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना है कि वार्ड में मौजूद सार्वजनिक स्थलों और सुविधाओं के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
राजनीति नहीं, समाजसेवा के उद्देश्य से मैदान में
निर्दलीय प्रत्याशी रेखा दादरी ने कहा कि उनका परिवार पहले से राजनीति से जुड़ा हुआ नहीं है। वे समाजसेवा से जुड़े कार्य करते रहे हैं और इसी उद्देश्य से नगर परिषद चुनाव में उतरी हैं। उन्होंने कहा कि महिला होने के नाते वे महिलाओं के सामने आने वाली छोटी-बड़ी समस्याओं को बेहतर ढंग से समझती हैं।

रेखा दादरी ने बताया कि वार्ड में पार्क, स्ट्रीट लाइट, सड़क और पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुख हैं। उन्होंने वार्ड की महिलाओं को आश्वस्त किया कि पेयजल समस्या के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
सुरक्षा के लिए आठ गेट और सीसीटीवी का प्रस्ताव
रेखा दादरी ने कहा कि वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए वार्ड के चारों तरफ आठ गेट लगवाने तथा विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास के साथ वार्डवासियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना उनका उद्देश्य रहेगा।

