– खारा पानी, निराश्रित पशु और जलभराव प्रमुख मुद्दे; मोंगा बोले-मौका मिला तो हर चौराहे पर लगवाएंगे सीसीटीवी कैमरे
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 40 से कांग्रेस प्रत्याशी चंदन मोंगा चुनाव मैदान में हैं। वे वार्ड में जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन की अपील कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने वार्ड की प्रमुख समस्याओं को सामने रखते हुए चुनाव जीतने पर उनके समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। चंदन मोंगा ने बताया कि वार्ड की सबसे बड़ी समस्या खारे पानी की है। उन्होंने कहा कि वार्ड में उपलब्ध पानी पीने योग्य नहीं है। इसके अलावा निराश्रित पशुओं की समस्या भी बनी हुई है। सड़कों का लेवल सही नहीं होने के कारण बरसात के दौरान कई स्थानों पर पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि यदि वार्डवासियों का साथ मिला और उन्हें नगर परिषद में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला तो सबसे पहले पेयजल, निराश्रित पशुओं और जलभराव जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।
हर चौराहे पर सीसीटीवी लगाने का दावा
कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने का प्रयास किया जाएगा। इससे असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सकेगी और उनमें भय का माहौल बनेगा। उन्होंने कहा कि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए सुराग जुटाने में भी मददगार साबित हो सकती है।
भाजपा पर महंगाई और वादाखिलाफी का आरोप
चंदन मोंगा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में जितने भी विकास कार्य हुए हैं, वे कांग्रेस शासन के दौरान हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में केवल वादे किए जा रहे हैं, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। उनके अनुसार चीनी-गुड़ और प्याज जैसी रोजमर्रा की वस्तुएं भी गरीब आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विकास आम जनता का नहीं, बल्कि भाजपा का हो रहा है।
निर्दलीय प्रत्याशी को लेकर भी साधा निशाना
वार्ड नंबर 40 में टीम गणेशराज बंसल की ओर से उतारे गए निर्दलीय प्रत्याशी को लेकर चंदन मोंगा ने कहा कि उनके अनुसार निर्दलीय प्रत्याशी वार्ड के लोगों के लिए नए हैं और अधिकांश लोग उन्हें नहीं जानते। इसके विपरीत उन्होंने कहा कि वे बचपन से ही वार्ड में रह रहे हैं और वार्डवासियों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। चंदन मोंगा ने कहा कि वार्ड की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करवाने के लिए स्थानीय व्यक्ति को मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने वार्डवासियों से अपने पक्ष में मतदान कर सेवा का अवसर देने की अपील की।
