हनुमानगढ़। नवज्योति कॉलेज ऑफ स्पेशल एजुकेशन परिसर में सोमवार को प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं की ओर से तैयार किए गए विभिन्न मॉडल, शिक्षण सहायक सामग्री एवं रचनात्मक प्रोजेक्ट्स आकर्षण का केन्द्र रहे, जिन्हें देखकर उपस्थित जनों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की निदेशक डॉ. पायल गुंबर ने संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नई सोच अपनाने और रचनात्मक कार्यांे में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। संस्थान सचिव डॉ. भीष्म कौशिक ने विशेष शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस क्षेत्र में निरंतर प्रयासों से नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी के आयोजन में महाविद्यालय के आचार्य विपिन कुमार, मनीष पाण्डेय, नारायण दास पटेल, भारत शर्मा, ममता तिवारी, विभा शर्मा, पंकज बिश्नोई एवं पूजा देवी का विशेष योगदान रहा। शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन देकर उनके प्रोजेक्ट्स को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई। सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
