हनुमानगढ़। शहर के विरासत विद्यापीठ द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए ‘विरासत फाउंडेशन’ के नाम से कॉम्पिटीशन विंग की शुरुआत की गई है। इस विंग के माध्यम से कक्षा 9, 10, 11, 12 एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की सुनियोजित तैयारी करवाई जाएगी। इसी क्रम में शनिवार को विद्यालय परिसर में एक ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान फैकल्टी सदस्यों ने कोर्स की रूपरेखा, अध्ययन पद्धति और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विस्तार से समाधान कर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कक्षा 12 की नियमित कक्षाएं सोमवार से प्रारंभ की जाएंगी, जबकि कक्षा 11 की कक्षाएं 26 मार्च से शुरू होंगी।

विद्यार्थियों को प्रतिदिन छह घंटे का अध्ययन कराया जाएगा, जिसमें विषय आधारित कक्षाओं के साथ-साथ अभ्यास सत्र और शंका समाधान सत्र भी शामिल होंगे। विद्यालय का उद्देश्य है कि किसी भी विद्यार्थी के मन में किसी विषय को लेकर कोई शंका या अधूरापन न रहे। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रतिदिन विद्यालय में ही अपने सभी सवालों के समाधान की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अनुराग ने कहा कि विद्यार्थियों में घबराहट तब उत्पन्न होती है, जब उनके विषय स्पष्ट नहीं होते और अध्ययन में अंतराल रह जाता है। संस्थान का मुख्य लक्ष्य यही है कि विद्यार्थियों के अध्ययन में कोई कमी न रहे। जब हर विषय स्पष्ट होगा तो विद्यार्थियों का आत्मविश्वास स्वत: बढ़ेगा और वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
