हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को प्राचार्य की अध्यक्षता में राजस्थान सरकार के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तत्वावधान में तनाव प्रबंधन एवं आत्महत्या रोकथाम विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम प्रभारी सहायक समाजशास्त्र आचार्य डॉ. अर्चना गोदारा ने विद्यार्थियों को तनाव से निपटने एवं आत्महत्या की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अवसाद से बचाव में परिवार के साथ समय बिताना और अपने करीबी लोगों से सुख-दुख साझा करना महत्वपूर्ण है। सहायक आचार्य गणित डॉ. शिशुपाल ने कहा कि तनाव आज के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है। जिस प्रकार शारीरिक बीमारी में चिकित्सकीय परामर्श लिया जाता है, उसी प्रकार मानसिक परेशानी होने पर मनोचिकित्सक या मनोवैज्ञानिक से परामर्श लेना चाहिए। सहायक आचार्य ईएएफएम विजय सिंह ने स्वरचित कविता के माध्यम से तनाव कम करने के उपाय बताए। कार्यशाला में सिद्धार्थ राव, गुरमेल सिंह, भगवाना राम, प्रदीप कुमार, धोलूराम, अक्षय, रायसाहब, नितेश चौधरी, ममता, कृति, प्रीति, पूर्णसिंह पंवार, राजीव झा, राकेश मिड्ढा एवं अभिषेक वर्मा सहित महाविद्यालय के कार्मिक मौजूद रहे।
