-मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना से मिला आर्थिक संबल, मौके पर स्वीकृत हुआ लाभ
हनुमानगढ़। राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत गुरुवार कल आयोजित वार्ड संख्या 10, 11 एवं 12 में एक बुजुर्ग दम्पति को मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ प्रदान कर राहत दी गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की तत्परता से वर्षों से प्रतीक्षित लाभ मौके पर ही स्वीकृत किया गया। शिविर के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की कार्मिक शीलपाल कौर एवं नेहा ने बुजुर्ग दम्पति जसवीर सिंह पुत्र हरनेक सिंह एवं श्रीमती रणजीत कौर पत्नी जसवीर सिंह को शिविर में आमंत्रित कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करवाईं। इसके बाद दोनों को मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना से लाभान्वित किया गया। योजना का लाभ मिलने से बुजुर्ग दम्पति को नियमित आर्थिक सहायता का संबल मिलेगा, जिससे उनके जीवन-यापन में सुविधा होगी। शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उन्हें स्वीकृति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। योजना का लाभ प्राप्त होने पर जसवीर सिंह एवं रणजीत कौर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजस्थान सरकार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला प्रशासन का आभार जताया। इस अवसर पर विधायक गणेशराज बंसल, आयुक्त सुरेन्द्र यादव, बलराज सिंह दानेवालिया, शिविर प्रभारी गंगाराम तथा मदन बाघला मौजूद रहे।
