हनुमानगढ़। जंडावाली गांव में एक साइकिल सवार बुजुर्ग को मोटर साइकिल के जरिए टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का इलाज श्रीगंगानगर के निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां वह कोमा में बताए जा रहे हैं। सदर थाना पुलिस ने बुजुर्ग के पुत्र की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चक 3 जेआरके, जंडावाली निवासी 52 वर्षीय दलसिंह पुत्र कुलवंत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 30 मई को उसके पिता कुलवंत सिंह खेत में कार्य करने के बाद अपराह्न करीब 3 बजे साइकिल से जंडावाली यूरिया खाद लेने जा रहे थे। इसी दौरान श्रीगंगानगर रोड पर सुखदेव सिंह की ढाणी के पास पीछे से आ रही मोटर साइकिल संख्या आरजे 31 एसपी 1088 के चालक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कुलवंत सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर दलसिंह और उसका भाई बादल सिंह मौके पर पहुंचे। परिजन घायल को तत्काल टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद घायल को श्रीगंगानगर स्थित अम्बा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। रिपोर्ट में बताया गया है कि कुलवंत सिंह अभी भी कोमा की स्थिति में हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक जसकरण सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
