चारणवासी। गांव फेफाना के शहीद सुरेश कुमार ज्याणी की शहादत को सम्मान देने के लिए ग्राम पंचायत प्रशासक और ग्रामीणों ने शहीद स्मारक पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया है। गांव में स्थित स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय पार्क के समीप बना शहीद स्मारक पहले से ही दो जांबाज शहीद भूप सिंह और जालिम सिंह की प्रतिमाओं से सुशोभित है। अब इन्हीं के बराबर शहीद सुरेश कुमार ज्याणी की प्रतिमा स्थापित कर उन्हें सम्मान दिया जाएगा। प्रशासक मैनावती ज्याणी ने बताया कि प्रतिमा स्थापना के साथ-साथ स्मारक परिसर में सौंदर्यीकरण के विशेष कार्य भी करवाए जाएंगे, जिससे शहीद की स्मृतियों को और अधिक भव्यता मिल सके। फेफाना का यह शहीद स्मारक अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। पूरे स्मारक परिसर को तिरंगे के तीन रंगों (केसरिया, सफेद और हरा) में रंगा गया है, जो यहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति के भीतर राष्ट्रवाद की भावना भर देता है। गांव ने शहीदों के सम्मान में एक गौरवमयी परंपरा स्थापित की है। आयोजित होने वाले किसी भी सरकारी या सार्वजनिक समारोह की शुरुआत बिना शहीदों को नमन किए नहीं होती। कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथियों और ग्रामीणों द्वारा शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करना यहां के संस्कार बन चुके हैं। स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय के नाम पर समर्पित यह पार्क न केवल बच्चों के खेलने की जगह है, बल्कि युवाओं के लिए देश सेवा का संकल्प लेने वाला स्थान भी है। ग्रामीणों का कहना है कि शहीद सुरेश कुमार की प्रतिमा लगने के बाद गांव के युवाओं में सेना और राष्ट्र रक्षा के प्रति और अधिक जोश देखने को मिलेगा।
