– रावतसर-पल्लू क्षेत्र में मचाया था आतंक, चोरी की बाइक बरामद
हनुमानगढ़। जिले में लगातार हो रही मोटर साइकिल चोरियों पर लगाम लगाते हुए रावतसर थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटर साइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने रावतसर व पल्लू क्षेत्र में 12 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराधियों की धरपकड़ तेज की गई है। इसी क्रम में रावतसर थाना प्रभारी ईश्वरानन्द के नेतृत्व में टीम गठित की गई। प्रकरण संख्या 113/2026 में जांच कर रही टीम ने मानव व तकनीकी आसूचना के आधार पर आरोपी हनुमान (25) पुत्र बृजलाल कुम्हार निवासी चक 4 आरडब्ल्यूएम पीएस रावतसर को चोरी की मोटर साइकिल सहित गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से हरियाणा, नागौर, जोधपुर, बीकानेर व कोलायत क्षेत्रों में फरार चल रहा था। उल्लेखनीय है कि 1 मार्च को जसपाल सिंह ने अपनी मोटर साइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। एसपी के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने रावतसर व पल्लू क्षेत्र में 12 मोटर साइकिल चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया। आरोपी ज्यादातर भीड़भाड़ वाले स्थानों और धार्मिक स्थलों के बाहर खड़ी बाइकों को निशाना बनाता था।
ऐसे-ऐसे स्थानों से की चोरी
आरोपी की ओर से सब्जी मंडी, सरकारी अस्पताल, पारीक स्कूल, पंजाब नेशनल बैंक, नगर पालिका, रामदेव मंदिर, गुरुद्वारा, कुम्हार धर्मशाला, श्याम मंदिर व पल्लू के माताजी मंदिर जैसे स्थानों के पास से प्लेटिना, स्प्लेंडर प्लस व एचएफ डिलक्स जैसी मोटर साइकिलें चोरी की गईं।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में एएसआई शम्भूदयाल, कांस्टेबल मोहनलाल, सुदेश कुमार, विकास कुमार व श्योपत राम शामिल रहे। विशेष भूमिका एएसआई शम्भूदयाल की रही। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है और चोरी की अन्य मोटर साइकिलों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
