-बारिश और ठंडी हवाओं से श्रीगंगानगर में राहत, ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
श्रीगंगानगर। जिले में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने के कारण जिले के कई ग्रामीण इलाकों में सुबह से ही बादल छाए रहे और तेज बारिश दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आज जिले में बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में दिनभर मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। रविवार सुबह श्रीगंगानगर शहर के अलावा सादुलशहर, लालगढ़ जाटान, चूनावढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी और ठंडी हवाएं भी चलीं, जिससे वातावरण में ठंडक बढ़ गई और मौसम सुहावना हो गया। अचानक हुए इस बदलाव से लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के राडार स्टेशन के अनुसार रविवार सुबह श्रीगंगानगर में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री और अधिकतम 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा था, जबकि शुक्रवार को न्यूनतम 19.7 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। लगातार हो रहे इस उतार-चढ़ाव से मौसम में ठंडक बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण इस बार अप्रैल महीने में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना कम है। यदि इसी तरह मौसम में बदलाव बना रहता है तो आने वाले दिनों में भी तापमान नियंत्रित रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
