ऐलनाबाद। श्री रामनवमी के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में शहर के हृदय स्थल माने जाने वाले चौधरी देवीलाल चौक पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा करीब 500 दुपहिया वाहनों पर ‘श्री राम’ नाम की पताका लगाकर भगवान श्रीराम के प्रति आस्था प्रकट की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. वेद ज्योति क्लिनिक में भगवान श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इसके बाद सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी चौधरी देवीलाल चौक पहुंचे, जहां जय श्रीराम के जयकारों के बीच दुपहिया वाहनों पर ‘श्री राम’ नाम की पताका लगाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सरकारी अस्पताल के एसएमओ डॉ. इंद्रजीत तथा डॉ. सुरेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर वाहनों पर पताका लगाकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और जय श्रीराम के जयकारों से चौक गूंजता रहा।

विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के मीडिया प्रभारी देवेंद्र गोयल ने बताया कि श्री रामनवमी के उपलक्ष्य में यह आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में भगवान श्रीराम के आदर्शों का संदेश पहुंचाना तथा युवाओं में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का भगवा पटका पहनाकर सम्मान किया गया तथा प्रसाद वितरित कर उनका स्वागत किया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे और सभी ने मिलकर भगवान श्रीराम के नाम का जयघोष किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारे, आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती मिलती है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
