ऐलनाबाद। अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था दिव्या युवा मंच की ओर से 4 से 6 अप्रैल तक वार्ड नंबर 9 स्थित श्री श्याम हवेली में 5वां अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है। यह जानकारी देते हुए संस्था के संस्थापक व इंटरनेशनल अवॉर्डी सुभाष चौहान ने बताया कि इस तीन दिवसीय सम्मेलन में भारत के 20 राज्यों तथा विश्व के 7 देशों से लगभग 100 युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को एक वैश्विक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने विचार साझा कर सकें और सामाजिक विकास, शांति तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए मिलकर कार्य कर सकें। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन 4 अप्रैल को शाम 6 बजे चौधरी देवीलाल चौक से गांधी चौक तक विश्व शांति के संदेश के साथ पैदल यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 5 अप्रैल को सुबह 6 बजे नशा मुक्ति अभियान को बढ़ावा देने के लिए पंचमुखी चौक से अंबेडकर चौक तक वैश्विक साइकिल यात्रा आयोजित की जाएगी। वहीं 6 अप्रैल को सुबह 6 बजे हनुमानगढ़ रोड स्थित योग साधना मंदिर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान महिलाओं के साहस, नेतृत्व और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के लिए 5 अप्रैल को शाम 5 बजे ‘वीरांगना अवार्ड’ प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान महिलाओं को प्रेरित करने और उनकी उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का एक प्रयास है। चौहान ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दिल्ली से ऐलनाबाद तक एसी बस से आवागमन की सुविधा, ठहरने के लिए एसी कमरे तथा शुद्ध सात्विक भोजन की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही प्रत्येक प्रतिभागी को टी-शर्ट, बैग, डायरी, प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में प्रत्येक प्रतिभागी को 5 से 7 मिनट का स्पीकर स्लॉट दिया जाएगा, जिसमें वे अपने कार्य अनुभव और विचार साझा कर सकेंगे। कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों को आसपास के 2-3 प्रमुख स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, नए विचारों के आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा। यह आयोजन युवाओं के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
