-सद्भाव यात्रा से कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी : बृजेंद्र सिंह
ऐलनाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा शुक्रवार को अपने 174वें दिन रानियां हल्के में पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। यात्रा की शुरुआत गांव साहुवाला स्थित गुरुद्वारे में माथा टेककर की गई। इसके बाद यात्रा पंजुआना, शेखुपुरिया, फतेहपुरिया और जोधपुरिया गांवों से होते हुए खारिया में संपन्न हुई। साहुवाला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य भाईचारा, आपसी सहयोग और कौमी एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है, जिसमें वे काफी हद तक सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सद्भाव यात्रा के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को नई दिशा और ऊर्जा मिल रही है। प्रदेश में संगठनात्मक ढांचा भी अब धीरे-धीरे मजबूत होता दिखाई दे रहा है।

जिलों में संगठन बन चुके हैं, प्रदेश स्तर पर अध्यक्ष की नियुक्ति हो चुकी है और जल्द ही ब्लॉक व प्रदेश कार्यकारिणी भी गठित कर दी जाएगी। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि पहले पार्टी के कार्यक्रम व्यक्ति विशेष के इर्द-गिर्द केंद्रित होते थे, लेकिन अब कांग्रेस के आंदोलन और गतिविधियां जनहित के मुद्दों जैसे वोट चोरी और मनरेगा पर आधारित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा को लेकर शुरू में लोगों को संदेह था, लेकिन अब यह अपने अंतिम चरण में पहुंचते हुए व्यापक समर्थन प्राप्त कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यात्रा के अंतिम चरण में राहुल गांधी भी इसमें शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से प्रेरित होकर ही इस सद्भाव यात्रा को प्रदेश स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। इस अवसर पर संतोष बेनीवाल (जिलाध्यक्ष), संदीप नेहरा, बीर सिंह दलाल, प्रो. रामचंदर लिंबा, शुभम पुनिया (जिला अध्यक्ष एनएसयूआई), सही राम सहारण, सुरेंद्र नैन, पाला राम, सरदार मलागर सिंह, सरदार हरबंस सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
