हनुमानगढ़। शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जबकि नाले-नालियां कचरे और पॉलीथिन की थैलियों से अटे पड़े हैं। हालात यह हैं कि कचरा पात्रों से कई-कई दिनों तक कचरा नहीं उठाया जा रहा, जिससे आसपास गंदगी फैल रही है। जंक्शन क्षेत्र के टाउन रोड स्थित बॉम्बे हॉस्पिटल के सामने भी पिछले कुछ दिनों से यही स्थिति बनी हुई है। कचरा पात्र ओवरफ्लो हो रहे हैं और निराश्रित पशु वहां मंडराते रहते हैं, जो कचरे को इधर-उधर फैला देते हैं। यही कचरा और पॉलीथिन नालों में पहुंचकर उन्हें जाम कर रहा है।

आम आदमी पार्टी के विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी सचिन कौशिक ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और दूरभाष के माध्यम से नगर परिषद के स्वच्छता निरीक्षक को समस्या से अवगत करवाया। इस पर स्वच्छता निरीक्षक ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। सचिन कौशिक ने आरोप लगाया कि नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। नालों की लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण वे कचरे से अटकर जाम हो चुके हैं। कचरा पात्र भरे हुए हैं और आसपास गंदगी फैली हुई है। नालियों से उठती बदबू के कारण वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। मच्छरों की भरमार है, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।

निराश्रित गोवंश पर भी संकट
कचरे में पड़ी पॉलीथिन खाने से निराश्रित गोवंश बीमार हो रहा है। कचरा पात्रों के आसपास पशुओं की आवाजाही से गंदगी और अधिक फैल रही है, जिससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ऐसे हालात में बारिश हो जाती है, तो नालियां जाम होने के कारण जलभराव की स्थिति बन सकती है और हालात और भी खराब हो सकते हैं।

अस्पतालों के सामने गंदगी, जिम्मेदार बेपरवाह
टाउन रोड पर जहां यह समस्या बनी हुई है, वहीं पास में तीन-चार अस्पताल संचालित हैं। इसके बावजूद नगर परिषद की ओर से सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। सचिन कौशिक ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि शहर की सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए। नियमित कचरा उठाव और नालों की सफाई सुनिश्चित कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
