जयपुर। राजस्थान में होने वाली सब इंस्पेक्टर भर्ती-2025 परीक्षा को लेकर पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप अलर्ट मोड पर आ गए हैं। 5 और 6 अप्रैल को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल या फर्जीवाड़े को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। नकल गिरोह की पुख्ता सूचना देने वाले को 1 लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की गई है। एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि परीक्षा प्रदेश के 26 जिलों के 41 शहरों में बनाए गए 1174 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। इस परीक्षा में करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए एसओजी, पुलिस और अन्य एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
एग्जाम सेंटर्स के आसपास फोटो कॉपी व साइबर कैफे बंद
परीक्षा के दौरान पेपर लीक और नकल रोकने के लिए एग्जाम सेंटर्स के आसपास संचालित फोटो कॉपी की दुकानों और साइबर कैफे को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
संदिग्ध वाहनों की होगी सख्त जांच
परीक्षा को देखते हुए प्रदेशभर में संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है, जो परीक्षा समाप्त होने तक जारी रहेगी। प्रश्न पत्रों को जिला ट्रेजरी में डबल लॉक सिस्टम में सुरक्षित रखा जाएगा, जहां विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय
एसओजी ने नकल गिरोह की सूचना देने वाले के लिए 1 लाख रुपए के इनाम की घोषणा की है। कोई भी व्यक्ति एसओजी के व्हाट्सएप नंबर 9530429258 पर सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
