ऐलनाबाद। जिला उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविरों में आने वाली जन शिकायतों का संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर निवारण सुनिश्चित करें तथा शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी भी समय पर दी जाए। यदि किसी समस्या के समाधान में किसी प्रकार की बाधा आती है तो तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जाए। उपायुक्त शुक्रवार को समाधान प्रकोष्ठ के तहत आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रधान सचिव डी. सुरेश ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में समाधान शिविर, जन संवाद, सीएम विंडो तथा एसएमजीटी में प्राप्त शिकायतों के निपटान को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आमजन की शिकायतों का स्थायी समाधान होना चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समस्याओं का त्वरित समाधान करें। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस विभाग, बिजली विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द निपटान करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। उपायुक्त ने बताया कि समाधान शिविरों में प्राप्त कुल 7651 शिकायतों में से 5956 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जबकि 205 शिकायतों पर कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 1080 शिकायतें निरस्त की जा चुकी हैं, 332 शिकायतों को पुनः खोला गया है तथा 78 शिकायतें न्यायालयों में विचाराधीन हैं। उन्होंने बताया कि जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। सिरसा में समाधान शिविर का आयोजन लघु सचिवालय के कमरा नंबर 63 में किया जाता है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
