ऐलनाबाद। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में वीरवार को उपमंडल कालांवाली में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम मोहित कुमार ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। लघु सचिवालय सिरसा में आयोजित समाधान शिविर में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी बलजीत सिंह ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं।

जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविरों में कुल पांच शिकायतें प्राप्त हुईं। एसडीएम मोहित कुमार ने अधिकारियों से कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र, सरल और पारदर्शी तरीके से समाधान करना है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनके निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। डीडीपीओ बलजीत सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जहां नागरिक अपनी समस्याएं प्रस्तुत कर उनका समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
