ऐलनाबाद। सीआरडीएवी गर्ल्स कॉलेज में प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा के मार्गदर्शन में गणित विभाग द्वारा ‘अंतर्राष्ट्रीय पाई दिवस’ (इंटरनेशनल पाई डे) उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन गणित विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर इंदु कामरा के नेतृत्व में किया गया, जिसका उद्देश्य छात्राओं में गणित के प्रति रुचि जागृत करना तथा दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता से अवगत कराना था। कार्यक्रम के तहत पोस्टर मेकिंग और प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से करवाई गई। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से गणितीय सूत्रों और ‘पाई’ के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि गणित केवल एक विषय नहीं, बल्कि तार्किक सोच और विश्लेषणात्मक क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने ‘पाई’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके बिना कई गणनाएं संभव नहीं हैं। उन्होंने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय का अन्य स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
संवाददाता- रमेश भार्गव
