हनुमानगढ़। फेफाना थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय की है जब मकान मालिक परिवार सहित बाहर गया हुआ था। फेफाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फेफाना निवासी राजेश कुमार (59) पुत्र हरीकृष्ण जाट ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी पत्नी लाजवंती के साथ 26 मार्च को अपने बेटे-बहू से मिलने सादुलशहर जिला श्रीगंगानगर गया हुआ था। इस दौरान उनका घर बंद पड़ा था। वह 2 अप्रैल की शाम को वापस अपने घर लौटा तो देखा कि घर की लॉबी का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद जब अलमारी की जांच की गई तो गोदरेज अलमारी में रखे जेवरात और नकदी गायब मिले। चोरी हुए सामान में दो सोने की चैन (करीब 4.5 तोला), एक बच्चे की सोने की चैन, बच्चे के 11 सोने के घुंघरू, चार चांदी के कड़े, एक चांदी की कटोरी, एक चांदी का चम्मच तथा करीब 40 हजार रुपए नकद शामिल हैं। प्रार्थी के अनुसार अज्ञात चोरों ने 31 मार्च या 1 अप्रैल की रात को किसी समय घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। परिवार के बाहर होने के कारण चोरी का पता देरी से चला। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र कुमार को सौंपी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ-साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
