हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के धोलीपाल गांव से महिला और उसके 9 वर्षीय बेटे के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार धोलीपाल निवासी महेन्द्र सिंह (41) पुत्र सार्दुल सिंह राजपूत ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी रानी कंवर (35) और बेटा भैरू सिंह (9) गत 28 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे सूरतगढ़ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद दोनों बीच रास्ते में ही लापता हो गए। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। महेन्द्र सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आशंका जताई कि उसकी पत्नी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई है।
