हनुमानगढ़। नगर निकाय आम चुनाव–2026 के द्वितीय चरण के तहत 11 सितंबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने गुरुवार को हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हनुमानगढ़ टाउन स्थित एनएमपीजी कॉलेज, एनएम लॉ कॉलेज, मनीराम कॉलेज, व्यापार मंडल स्कूल एवं कॉलेज, सतीपुरा स्थित राजकीय विद्यालय, हाउसिंग बोर्ड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, 2 केएनजे स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा जंक्शन स्थित खालसा कॉलेज में स्थापित संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा किया।

उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, रैंप, मतदाताओं की सुविधा, मतदान कक्षों की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
