– दादा ने डीईओ से लगाई कार्रवाई की गुहार
हनुमानगढ़। शहर की महात्मा गांधी कैनाल कॉलोनी स्थित विद्यालय की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। सुरेशिया निवासी रमेश चंद्र चमोली ने जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) को शिकायत देकर विद्यालय प्रशासन के खिलाफ जांच व कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार उनका 9 वर्षीय नाती आशीष कक्षा 3 का छात्र है। 4 जुलाई को विद्यालय में नियमित समय से पहले करीब 10 बजे छुट्टी कर दी गई। आरोप है कि विद्यालय की ओर से अभिभावकों को पूर्व सूचना नहीं दी गई। बाद में सुबह 10:59 बजे मोबाइल पर केवल इतना संदेश भेजा गया कि बच्चे को छुट्टी होने के कारण ले जाएं। परिजनों का कहना है कि जब तक वे विद्यालय पहुंचे, तब तक बच्चा स्कूल के बाहर सड़क पर अकेला खड़ा मिला। इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे से बातचीत की और उसके बताए पते के आधार पर उसे घर तक छोड़कर गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि यदि उस व्यक्ति की नीयत गलत होती तो कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी। रमेश चंद्र चमोली ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही से बच्चे की सुरक्षा खतरे में पड़ी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी प्रधानाचार्य एवं संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा भविष्य में बिना अभिभावकों को सौंपे किसी भी बच्चे को विद्यालय से बाहर नहीं भेजने के निर्देश जारी करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि माध्यमिक शिक्षा निदेशक, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी भेजी गई है। उधर, प्रिंसिपल गुरमीत बराड़ ने कहा कि बच्चा रोजाना देरी से आता है। डीईओ की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि सूचना देने वाले कक्षा अध्यापक से बात कर तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश की जाएं। कक्षा अध्यापक अमृतपाल से बात की तो उन्होंने बताया कि सभी बच्चों को सूचित कर दिया गया था। यह बच्चा अकेला रह गया था। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई थी कि वे उसे ले जाएं। यह बच्चा अक्सर अन्य बच्चों के साथ लड़ाई-झगड़ा करता रहता है।
