-10 जुलाई को कलेक्टर को सौंपेगा ज्ञापन
हनुमानगढ़। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की कोर कमेटी की बैठक सोमवार को फूड बाबा, हनुमानगढ़ जंक्शन में जिला अध्यक्ष सुभाष मक्कसर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में गेहूं खरीद में कथित गड़बड़ियों तथा किसानों की डिग्गियों की लंबित अनुदान राशि के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि गेहूं खरीद में हुई अनियमितताओं के मामले में किसानों के हितों की लड़ाई तब तक जारी रखी जाएगी, जब तक दोषी अधिकारियों एवं संबंधित फर्मों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो जाती। इसी क्रम में 10 जुलाई को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की जाएगी, ताकि भविष्य में किसानों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। डिग्गियों की लंबित अनुदान राशि के मुद्दे पर भी संगठन ने नाराजगी जताई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले सप्ताह डिग्गी निर्माण कराने वाले किसानों से संपर्क कर संयुक्त निदेशक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन ने मई माह में अनुदान राशि जारी करने के लिए डेढ़ माह का समय मांगा था, जिसकी अवधि पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद किसानों को भुगतान नहीं मिला। उन्होंने बताया कि हाल ही में संभागीय आयुक्त द्वारा भी सात दिन में भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने गेहूं खरीद में हुई कथित गड़बड़ियों के संबंध में क्षेत्रीय उपनिदेशक कृषि विभाग विष्णुदत्त शर्मा से मुलाकात कर सभी संबंधित फर्मों के नाम सार्वजनिक करने तथा मामले में ठोस एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की। बैठक में रेशम सिंह माणुका, रविंद्र सिंह, रायसाब चाहर, बलविंदर सिंह, संदीप सिंह कंग, जाकिर हुसैन, लखवीर सिंह, राजवीर सिंह और जसकरण सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
