रावतसर। भारतीय स्टेट बैंक की रावतसर स्थित 31149 मेन शाखा द्वारा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत एक खाताधारक के परिजनों को 2 लाख रुपये की बीमा क्लेम राशि प्रदान की गई। यह क्लेम खाताधारक की असामयिक दुर्घटना में मृत्यु के पश्चात नियमानुसार स्वीकृत किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोहीलांवाली तहसील हनुमानगढ़ निवासी खाताधारक सुनील कुमार पुत्र पृथ्वी राम का हाल ही में एक दुर्घटना में निधन हो गया था। सुनील कुमार द्वारा अपने बैंक खाते के माध्यम से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना ली गई थी। योजना के अंतर्गत नामांकित उनकी धर्मपत्नी रीतू को बीमा राशि के रूप में 2 लाख रुपये का क्लेम पारित कर भुगतान किया गया। क्लेम स्वीकृति के अवसर पर शाखा प्रबंधक सुनील स्वामी, उप प्रबंधक सुनील चाचाण, उप प्रबंधक विकास पारीक, सहायक प्रबंधक मांगेराम तथा सीएसपी भजन लाल पंचारिया सहित बैंक स्टाफ के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। बैंक अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की बीमा योजनाएं कठिन समय में परिवार के लिए आर्थिक संबल का कार्य करती हैं और आमजन को इनका लाभ अवश्य उठाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत खाताधारकों को न्यूनतम प्रीमियम में बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में मात्र 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 18 से 70 वर्ष की आयु तक दुर्घटना बीमा कवर मिलता है। वहीं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 18 से 50 वर्ष की आयु के लोगों को 436 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर जीवन बीमा सुविधा प्रदान की जाती है। भारतीय स्टेट बैंक ने अपने सभी सम्मानित ग्राहकों से अपील की है कि वे भारत सरकार एवं बैंक द्वारा संचालित इन जनहितकारी योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार को भविष्य के जोखिमों से सुरक्षित करें, ताकि विपरीत परिस्थितियों में बीमा क्लेम उनके परिजनों का मजबूत सहारा बन सके।
