हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर परिषद में “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान की निरंतरता में बुधवार को जनभागीदारी एवं RRR (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जागरूकता रैली को नगर परिषद के अधिशासी अभियंता श्री हेमंत द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली नगर परिषद कार्यालय के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर भटनेर फोर्ट तक निकाली गई, जिसमें नगर परिषद के समस्त अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के माध्यम से शहरवासियों को नगर परिषद द्वारा संचालित स्थायी RRR सेंटर के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक जनभागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। RRR सेंटर पर शहरवासी अपने अनुपयोगी अथवा पुराने कपड़े, खिलौने, किताबें एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं जमा करा सकते हैं। इन वस्तुओं का नगर परिषद द्वारा पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण किया जाएगा, जिससे उपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं सतत शहर के निर्माण में सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने शहरवासियों से अपील की कि वे RRR सेंटर का अधिकाधिक उपयोग करते हुए “कचरे को संसाधन में बदलने” की पहल में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
