हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के पंचम दिवस पर स्वयंसेविकाओं ने योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश दिया, वहीं महिला पुलिस थाना का शैक्षणिक भ्रमण कर कानून और महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रेरणा रस्तोगी द्वारा लक्ष्य गीत के साथ किया गया।

शिविर के अंतर्गत आयोजित योग सत्र में स्वयंसेविकाओं को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया। इस दौरान उन्हें नियमित योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में बताया गया। योग के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, आत्मअनुशासन बनाए रखने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद एनएसएस अधिकारी संतोष के नेतृत्व में स्वयंसेविकाओं को महिला पुलिस थाना का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया।

भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी रजनीदीप कौर तथा एसआई संतोष ढाका ने स्वयंसेविकाओं को महिला सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों और आत्मरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज में महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में अपने हितों की रक्षा कर सकें। थाना अधिकारियों ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर स्वयंसेविकाओं ने पुलिस थाना की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा और विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेविकाओं ने उत्साह और अनुशासन के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक और जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
