हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी की ओर से रविवार को आप, आप रै साथ अभियान के तहत ग्राम पंचायत मुंडा में नरेगा मजदूरों से संवाद स्थापित किया गया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल के नेतृत्व में ओबीसी विंग जिलाध्यक्ष लीलाधर भाट, वरिष्ठ सदस्य गोपाल मेघवाल एवं सतपाल भाट ने नरेगा साइट पर पहुंचकर मजदूरों की समस्याएं सुनीं। मजदूरों ने महंगाई के अनुपात में मजदूरी बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार अपने कर्मचारियों को नियमित रूप से महंगाई भत्ता देती है, जबकि नरेगा श्रमिकों को नाममात्र की मजदूरी मिल रही है। साथ ही मजदूरी का भुगतान समय पर नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि नरेगा में पहले उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाएं जैसे पेयजल, प्राथमिक उपचार, छाया, उपकरण आदि धीरे-धीरे कम होती जा रही हैं। कई मजदूरों को 7 से 8 किलोमीटर दूर तक पैदल जाकर कार्यस्थल पहुंचना पड़ता है। महिला मजदूरों ने विशेष रूप से गर्भवती श्रमिकों के लिए प्रसव अवकाश और उस अवधि की मजदूरी देने की मांग की। उनका कहना था कि सरकारी महिला कर्मचारियों की तरह उन्हें भी प्रसव के दौरान अवकाश और भुगतान मिलना चाहिए। साथ ही नरेगा साइट दूर होने पर परिवहन की व्यवस्था करने की भी मांग उठाई गई, ताकि विशेषकर महिलाओं को राहत मिल सके। मजदूरों ने 125 दिनों का पूर्ण रोजगार सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि वर्तमान में 100 दिन का रोजगार भी सीमित श्रमिकों को ही मिल पाता है। इसके अतिरिक्त धात्री एवं गर्भवती महिला मजदूरों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था नरेगा साइट पर ही करने, एनीमिया जैसी बीमारियों की जांच तथा पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की मांग की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने मजदूरों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
