- 4 वेंटिलेटर और 8 ऑक्सीजन सपोर्ट बेड की सुविधा, गंभीर बच्चों को अब जिले में ही मिलेगा उपचार, जिला कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
हनुमानगढ़। एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय का शुक्रवार को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार को लेकर निर्देश दिए । जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशानुसार शुक्रवार को एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ में 12 बेड के चाइल्ड आईसीयू (पीडिया आईसीयू) का शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों को जिले में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार पीडिया आईसीयू में 4 बेड वेंटिलेटर सुविधा युक्त तथा 8 बेड ऑक्सीजन सपोर्ट के रखे गए हैं। अब तक गंभीर स्थिति वाले बाल रोगियों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ता था, लेकिन नई सुविधा शुरू होने से स्थानीय स्तर पर ही उपचार संभव हो सकेगा। पीडिया आईसीयू के लिए डॉ. सुमेष खीचड़ को चिकित्सक प्रभारी तथा रविन्द्र गुप्ता को नर्सिंग प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही रेजिडेंट चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की चौबीसों घंटे ड्यूटी लगाई गई है। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य बीकानेर के आदेशानुसार अन्य चिकित्सा संस्थानों से 4 वेंटिलेटर तथा एक डिफिब्रिलेटर विद कार्डियक मॉनिटर भी उपलब्ध करवाए गए हैं।जिला अस्पताल की सेंट्रल लैब में भी मरीज सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। अब सैंपल संग्रहण के तुरंत बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर प्रति घंटे के बैच में रिपोर्ट उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट मिल सके। इसके अलावा सैंपल संग्रहण एवं रिपोर्ट वितरण स्थल पर मरीजों और परिजनों के बैठने के लिए कुर्सियां, पंखे, कूलर तथा छायादार हरी चद्दर की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
