हनुमानगढ़। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान सरकार, जयपुर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में ग्रीष्म ऋतु के दौरान दूषित एवं रसायनयुक्त फलों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिले में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में अयोजित अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुदेश कुमार गर्ग, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनूपम चोयल, सहायक कर्मचारी हीरावल्लभ, होमगार्ड अशोक कुमार तथा वाहन चालक गुरशरण सिंह उपस्थित रहे।

सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत शुक्रवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित जीएमबी फ्रूट कंपनी एवं इंडियन फ्रूट कंपनी का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों के कोल्ड रूम में हीट एंड कोल्ड पद्धति के माध्यम से कच्चे केले पकाने की प्रक्रिया संचालित पाई गई। जांच के दौरान किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित रसायन का उपयोग फलों को पकाने के लिए नहीं पाया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक सूचना बोर्ड प्रदर्शित करने तथा फल रिपेनिंग के दौरान निर्धारित सावधानियों एवं मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि फल खरीदते समय उनकी गुणवत्ता एवं ताजगी का ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की खाद्य सुरक्षा संबंधी शिकायत होने पर विभाग को सूचित करें।
