हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को हनुमानगढ़ पुलिस ने 9 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों का निस्तारण किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देश पर जिला औषधि व्ययन समिति के सदस्यों की मौजूदगी में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक अधिकृत इकाई में की गई। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज 53 एनडीपीएस प्रकरणों से जब्त डोडा-पोस्त, हेरोइन (स्मैक/चिट्टा), एमडी, गांजा और नशीली गोलियों का विधिवत निस्तारण किया गया।

उन्होंने कहा कि सभी मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने तथा एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद न्यायालय की अनुमति से यह कार्रवाई की गई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 14 क्विंटल 11 किलो 140 ग्राम डोडा-पोस्त, 2 किलो 910 ग्राम हेरोइन, 321 ग्राम एमडी, 765 ग्राम गांजा तथा 1,290 नशीली गोलियां शामिल थीं। इनकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 9 करोड़ रुपये आंकी गई है। निस्तारण की पूरी प्रक्रिया जिला औषधि व्ययन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुई और नियमानुसार इसकी वीडियोग्राफी भी करवाई गई। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि इससे पूर्व 19 जून को 140 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की 1 क्विंटल 48 किलो 240 ग्राम अफीम को केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, नीमच (मध्यप्रदेश) में जमा करवाया गया था।

उन्होंने बताया कि ताजा कार्रवाई को मिलाकर हनुमानगढ़ पुलिस पिछले तीन महीनों में करीब 34 करोड़ रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण कर चुकी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार और सख्ती से जारी रहेगा।
